कोरोना वायर / देश में कोरोना संक्रमित आँकड़ा 1003 के पार


नई दिल्ली :  आज देश में 117 संक्रमित बढ़े, संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 151 केस शुक्रवार को मिले थे, 


कोरोना वायरस संक्रमण हर दिन तेजी से फैलता जा रहा है। देशभर में अभी तक 1003 मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को 117 नए मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 30 पॉजिटिव मिले। इसके बाद कर्नाटक-उत्तर प्रदेश में 12-12, दिल्ली में 9, केरल में 6, तेलंगाना में 6, गुजरात में 8, जम्मू कश्मीर में 13, मध्य प्रदेश में 5, राजस्थान-तमिलनाडु में 4-4, अंडमान निकोबार में 3, प.बंगाल में 2 और छत्तीसगढ़-उत्तराखंड में 1-1 संक्रमित मिले। यह आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार है। वहीं, भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में संक्रमण के अब तक 918 मामले सामने आए हैं, इनमें से 819 एक्टिव केस हैं। इस बीच, गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा है कि 21 दिन के लॉकडाउन के दौरान बेघरों और दूसरे राज्यों के मजदूरों के लिए रहने की अस्थायी व्यवस्था और खाने, कपड़े और दवा का इंतजाम करें। इसके लिए राज्य आपदा कोष की राशि का उपयोग किया जाए। इस बीच, शनिवार को दो लोगों की (केरल और गुजरात में) मौत हुई है। मौत का आंकड़ा अब 24 हो गया है। एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा 151 मामले शुक्रवार को सामने आए थे, 3 लोगों की मौत हुई थी और 25 लोग ठीक हुए थे। इससे पहले 23 मार्च को एक दिन में 102 लोग संक्रमित हुए थे।


देशभर में डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही    


इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मंत्रालय ने कहा है कि कोरोनावायरस के इलाज के लिए देशभर में डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे जुड़ा कोई भी डॉक्टर जरूरत पड़ने पर एम्स के डॉक्टर से किसी भी समय वीडियो कॉल करके मदद ले सकता है। एम्स में इसके लिए एक सेंटर बनाया जा रहा है। वहीं, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा- देशभर में 30 जून तक बिजली की आपूर्ति 24 घंटे जारी रहेगी। अगर राज्यों में वितरण कंपनियों का बकाया है तो भी बिजली उत्पादक कंपनियां आपूर्ति को नियंत्रित नहीं करेंगी।



  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 34: राज्य में शनिवार को 5 नए मामले सामने आए। इससे पहले शुक्रवार को जबलपुर में दो लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों नए मरीज पहले से संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं। अब इंदौर में 16, जबलपुर में 8, भोपाल-उज्जैन में 3-3, शिवपुरी में 2 और ग्वालियर में 2 पॉजिटिव हैं।

  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 54: आज 4 नए मामले सामने आए। अजमेर में 23 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह हाल ही में पंजाब से लौटा था। 21 साल की एक युवती भीलवाड़ा में संक्रमित पाई गई है। भीलवाड़ा में ही बांगड़ हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ के दो लोग संक्रमित मिले हैं। राज्य में भीलवाड़ा में सबसे ज्यादा 20 मरीज हैं। भीलवाड़ा कलेक्टर आर भट्‌ट का कहना है कि जरूरत पड़ी तो हम 15 हजार लोगों को क्वारैंटाइन करने की व्यवस्था करने को तैयार हैं। 

  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 61: आज 12 मामले सामने आए। राज्य में सबसे ज्यादा 9 संक्रमित आगरा में हैं। इसके बाद 8 केस लखनऊ में सामने आए हैं। लॉकडाउन के कारण आसपास के इलाकों और सीमावर्ती राज्यों में मुश्किलों का सामना कर रहे मजदूरों को वापस उत्तरप्रदेश लाने की तैयारी है। इसके लिए सरकार ने करीब 1000 बसों को इंतजाम किया है। इसके लिए राज्य सरकार ने ट्रांसपोर्टेशन ऑफिसरों, बस ड्राइवरों और कंडक्टरों की शुक्रवार रात बैठक बुलाई।

  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 186: महाराष्ट्र में आज 30 नए मामले सामने आए। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले 29 मरीजों में से 15 केवल सांगली के थे। सांगली के मरीज पहले पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए थे। राज्य में मुंबई, पुणे और नागपुर समेत कई शहरों से मजदूर अपने राज्यों को पैदल ही लौट रहे हैं। कुछ लोगों को 200-300 किलोमीटर तक का सफर करना पड़ रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इनसे अपील की है कि वे कहीं न जाएं महाराष्ट्र में उनका पूरा ख्याल रखा जाएगा।

  • छत्तीसगढ़; कुल संक्रमित- 8: शनिवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। 8 संक्रमितों में से 5 मामले बुधवार से गुरुवार के बीच सामने आए। यहां रायपुर में 3 और बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में 1-1 संक्रमित हैं। इस बीच, राज्य के कृषि मंत्री रवींद्र चौबे का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान किसानों को मंडी से खाली वाहन लेकर लौटने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्देश दिया है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। 

  • पंजाब; कुल संक्रमित- 38: शनिवार को यहां कोई मामला सामने नहीं आया। शुक्रवार को 5 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। राज्य के 38 संक्रमितों में से 27 लोग पिछले हफ्ते जान गंवाने वाले 70 साल के कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग के परिजन और मिलने वाले हैं। 

  • बिहारकुल संक्रमित- 9: आज कोई नया मामला सामने नहीं आया। 9 संक्रमितों में से 8 का इलाज चल रहा है। जबकि 38 साल के मरीज की पटना में 21 मार्च को मौत हो गई थी। कुल मरीजों में 6 संक्रमित ऐसे हैं, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। यानी, इन लोगों ने देश में या देश से बाहर कहीं यात्रा नहीं की है। राज्य में शुक्रवार को दो संक्रमित पाए गए थे।

  • उत्तराखंड; कुल संक्रमित- 6: आज एक संक्रमित मिला। बुधवार को एक व्यक्ति संक्रमित मिला था, जो स्पेन से लौटा था। राज्य में संक्रमण को रोकने की हर संभव कोशिश की जा रही है। शनिवार को यहां चमोली की पुरसादी जिला जेल से 15 उन कैदियों को 6 महीने की पैरोल पर रिहा कर दिया गया, जिन्हें 7 साल से कम सजा हुई है। फिलहाल जेल में 89 कैदी हैं। 

  • केरल; कुल संक्रमित- 182: यहां आज 6 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा 82 केस कासरगोड़ जिले में सामने आए। लॉकडाउन के बीच यहां जरूरी सामानों की कमी हो रही है। मुख्यमंत्री पी विजयन ने प्रधानमंत्री को पत्र नेशनल हाईवे 30 खुलवाने की अपील की है। उनका कहना है कि कर्नाटक पुलिस वहां से जरूरी सामानों के वाहन नहीं आने दे रही।  

  • तमिलनाडु; कुल संक्रमित- 42: शनिवार को यहां 4 नए पॉजिटिव मिले। कुम्बकोणम में 42 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला, जो वेस्टइंडीज से लौटा था। वहीं, काटपड़ी में 49 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला। वह ब्रिटेन से लौटा था। दोनों को वेल्लोर में भर्ती किया गया है। इस बीच, चेन्नई में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की शनिवार को मौत हो गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे कोरोना पॉजिटिव थे। उनकी टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है। मृतकों में एक की उम्र 66 साल थी। उन्हें किडनी की गंभीर समस्या थी। 24 साल के दूसरे मृतक को गंभीर रूप से निमोनिया की शिकायत थी। तीसरा मृतक दो साल का बच्चा है, जो ऑस्टियोपेट्रेसिस (हडि्डयों की बीमारी) से पीड़ित था। 

  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 49: यहां आज संक्रमण के 9 मामले सामने आए। इससे पहले यहां 6 लोग ठीक हो चुके हैं और एक मौत हुई है। वहीं, लॉकडाउन के बाद शहर से मजदूरों का पलायन नहीं थम रहा। उन्हें तमाम मुश्किलों का भी सामना करना पड़ रहा है।