देश में कोरोना का कहर बरकरार, अभी तक 263 केस की पुष्टि, एक ही दिन में 40 से अधिक केस बड़े

नई दिल्ली (सौ. दैभा) : राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में शुक्रवार को संक्रमण के 40 से ज्यादा मामले सामने आए। इसके साथ ही 22 राज्यों में अब कुल 263 केस हो गए हैं। संक्रमण का सबसे ज्यादा 52 मामले महाराष्ट्र में मिले हैं।


महाराष्ट्र के चार शहर मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को भी लॉकडाउन कर दिया गया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सभी मॉल बंद कर दिए गए हैं। उधर, जनता कर्फ्यू के कारण रविवार को देशभर में 22 घंटे पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलेंगी।


उधर, सेना के 35% अधिकारी और 50% जवान 23 मार्च से एक सप्ताह तक घर से काम करेंगे।


राज्यों में शुक्रवार को संक्रमण के मामले


केरल: राज्य में संक्रमण के 17 मामले मिले। इनमें कोच्चि में 5 ब्रिटिश नागरिक और एर्नाकुलम में 5, कासरगोड में 6 और पलक्कड़ में 1 भारतीय नागरिक संक्रमित मिले।


मध्यप्रदेश: जबलपुर में जर्मनी और दुबई से लौटे चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें तीन एक ही परिवार के हैं।


हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिले में दो लोगों में कोरोनावायरस से संक्रमण की पुष्टि की।


राजस्थान: राज्य में 8 केस मिले। इनमें भीलवाड़ा के 6 और जयपुर के 2 मरीज। भीलवाड़ा में संक्रमित होने वाले छह लोगों में से तीन डॉक्टर और तीन कंपाउंडर हैं।


गुजरात: स्वास्थ्य विभाग ने गुजरात में संक्रमण के दो मामलों की पुष्टि की। यहां कुल सात मामले हो गए हैं।


तेलंगाना: हैदराबाद में लंदन से लौटे युवक में और इंडोनेशिया के दो नागरिकों में संक्रमण का मामला सामने आया है। राज्य में अब कुल 19 मामले हो गए हैं।


आंध्र प्रदेश: स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- विशाखापट्‌टनम में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया, जो हाल ही में सऊदी अरब से लौटा था। राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है।


उत्तर प्रदेश: लखनऊ में बॉलिवुड सिंगर कनिका कपूर समेत चार लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव मिलें। वे 9 मार्च को लंदन से लौटी थीं।