मध्य प्रदेश इंदौर को CAA के समर्थन में दशहरा मैदान पर सभा की अनुमति मिल गई है


इंदौरI CAA Support Meet नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में भारत सुरक्षा मंच और राष्ट्रवादी संगठनों द्वारा 12 जनवरी को तय रैली और सभा के लिए जिला प्रशासन ने बीच का रास्ता निकाला। दशहरा मैदान पर सभा की अनुमति तो दे दी, लेकिन तिरंगा रैली पर रोक लगा दी है। रैली की अनुमति नहीं दी गई है। कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव ने स्पष्ट किया कि आयोजकों को सिर्फ सभा की अनुमति दी गई है। यह अनुमति सशर्त दी गई है। शर्त है कि सभा और आयोजन में धर्म या जाति के आधार पर किसी प्रकार की उत्तेजक भाषा का प्रयोग नहीं किया जाएगा। कोलाहल अधिनियम का पालन करना होगा। साथ ही इस बात का ध्यान रखना होगा कि यातायात में किसी प्रकार की बाधा पैदा न हो।                                                    आयोजन को अनुमति को लेकर पिछले कुछ दिन से लगातार पक्ष-विपक्ष की राजनीति चल रही है। प्रशासन भी तय नहीं कर पा रहा था कि अनुमति दी जाए या नहीं। इस मामले को लेकर उच्च स्तर पर भी चर्चाएं हो रही थीं। शुक्रवार शाम को प्रशासन द्वारा आयोजन की अनुमति देने से चर्चाओं का दौर फिलहाल थम गया है।                                                                                  बड़वानी/आगर-मालवा। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का समर्थन करने के लिए जगह जगह रैली और तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। शुक्रवार को बड़वानी और आगर मालवा में निकली तिरंगा यात्रा में हजारों लोग उमड़े। बड़वानी में जहां दस हजार से अधिक तो आगर में लगभग 15 हजार लोग यात्रा में शामिल हुए और सीएए को समर्थन दिया। भारत सुरक्षा मंच के आह्वान पर शुक्रवार को बड़वानी जिला मुख्यालय पर सीएए के समर्थन में 10 हजार से अधिक लोग सड़क पर निकले। पाटी नाका क्षेत्र से निकली यात्रा करीब तीन किमी का मार्ग तय कर शहीद स्तंभ तक पहुंची। इस दौरान युवा करीब 300 फीट लंबा तिरंगा लेकर निकले। बड़ी संख्या में महिलाएं भी यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा के पूर्व सभा हुई। सभा में सांसद गजेंद्र पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अंतरसिंह आर्य, बड़वानी विधायक प्रेमसिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी और मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रवक्ता उमेश शर्मा इंदौर शामिल हुए। रैली में शामिल होने के लिए अधिकांश व्यवसायियों ने करीब दो घंटे प्रतिष्ठान बंद रखे।                                                                                                        कारंजा चौराहा स्थित शहीद स्तंभ पर वंदे मातरम् व राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। बिना अनुमति रैली निकालने पर शुक्रवार देर शाम को सांसद गजेंद्र पटेल, बड़वानी विधायक प्रेमसिंह पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी सहित पांच हजार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। सीएए के समर्थन में आगर-मालवा में भी हजारों लोग सड़क पर उतरे। विजय स्तंभ चौराहे से शुरू हुई रैली छावनी झंडा चौक पर समाप्त हुई                                                                                                      इसमें जिलेभर के भाजपा, आरएसएस, संत समाज सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि शामिल हुए। दिव्यांगजन के साथ ही कई लोग राष्ट्रध्वज लिए हुए थे। देशभक्ति के गीतों और डीजे की धुन पर युवा महिला व युवतियों के साथ ही पुरुष झूम रहे थे। रैली में 50 मीटर तिरंगा लिए लोग शामिल थे। भारत माता की आरती के साथ रैली का समापन हुआ। नगर के इतिहास में यह अब तक सबसे बड़ी रैली रही है।