नागपुर में शुरू हुआ संघ का शिक्षा वर्ग विशेष
नागपुर में शुरू हुआ संघ शिक्षा वर्ग (विशेष)



 





 



 

वर्ग में शिक्षार्थियों को सम्बोधित करते हुए श्री वी. भागैया

 


संघ शिक्षा वर्ग, तृतीय वर्ष (विशेष) राष्ट्रीय एकात्मता की प्रत्यक्ष अनुभूति का केंद्र है। यहां 'हम सब एक हैं' का अनुभव होता है और यह अनुभव हम सबको लेना चाहिए। 

 

गत दिनों नागपुर स्थित स्मृति मंदिर परिसर के महर्षि व्यास सभागृह में संघ शिक्षा वर्ग (विशेष) का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह वी. भागैया उपस्थित थे। उन्होंने शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ शिक्षा वर्ग, तृतीय वर्ष (विशेष) राष्ट्रीय एकात्मता की प्रत्यक्ष अनुभूति का केंद्र है। यहां 'हम सब एक हैं' का अनुभव होता है और यह अनुभव हम सबको लेना चाहिए। इस वर्ग में सम्मिलित होने की हम सबको कई वर्षों से प्रतीक्षा रहती है। इस विशेष वर्ग में आए हम सब अनुभवी कार्यकर्ता हैं। हमें अपने शास्त्रों में बताए गए-धैर्य, क्षमा, संयम, अस्तेय, शौच, इंद्रिय निग्रह, बुद्धि, विद्या, सत्य एवं क्रोध पर विजय जैसे सद्गुणों की उपासना न केवल इस वर्ग में करनी है, अपितु आजीवन यह सद्गुण अपने जीवन में हो, इसके लिए प्रयासरत रहना है। उन्होंने कहा कि अपने ध्येय के प्रति अटूट निष्ठा, विचारधारा की स्पष्टता, आत्मीयता, कठोर परिश्रम, एवं अनुशासन, यह संघ स्वयंसेवकों के विशेष गुण हैं। अपने आचरण द्वारा इन गुणों का प्रकटीकरण इस वर्ग में होना चाहिए। हमको सभी शारीरिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। विशेष रूप से योग और आसन में हमें प्रवीण बनना चाहिए। संघ की विविध गतिविधियों के बारे में मन में स्पष्टता होनी चाहिए। यह वर्ग हमारी एक साधना है। उन्होंने इस 25 दिन की साधना में हम पूरे मन से सम्मिलित हों, ऐसा आह्वान किया तथा वर्ग को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।