भारतीय जनता पार्टी पंचकूला में जय राम ठाकुर ने कहा मोदी सरकार ने बनाया है देश को अखंड भारत
मोदी सरकार ने बनाया देश को अखंड भारत : जयराम ठाकुर




 





पंचकूला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को पंचकूला के बरवाला में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता के समर्थन में विशाल रैली को संबोधित किया। रैली में पहुंचने पर ज्ञानचंद गुप्ता ने उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने धारा 370 हटाकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया। आज हमारा देश एक विधान, एक निशान के नारे पर चल रहा है और अखंड भारत बन चुका है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस फैसले के बाद विकास से वंचित जम्मू-कश्मीर में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और यहां के युवाओं को नौकरियां व उच्च शिक्षा मिलेगी। पूरे भारत में जो कानून लागू होते थे, उसका लाभ अब जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने जैसा कदम पहले कोई सरकार नहीं उठा सकी थी, यह संभव हो सका है तो केवल नरेन्द्र मोदी व अमित शाह की सरकार में संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि हम उस पार्टी से हैं, जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। जिसके शीर्ष नेता हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।




 




पंचकूला में ज्ञानचंद गुप्ता ने कराया 2000 करोड़ का विकास कार्य


हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मौजूदा विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने पहले भी आपके लिए पंचकूला में 2 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य करवाए। 5 साल से आप लोगों की सेवा कर रहे ज्ञानचंद गुप्ता को एक बार फिर संगठन ने आपकी सेवा के लिए चुनाव मैदान में उतारा है। इसलिए उनको अधिक से अधिम मतों से जिताने का काम अब आप लोगों का है। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलभूषण गोयल, विरेंद्र भाऊ, उमेश सूद, महामंत्री हरेंद्र मलिक, सुनील तलवार व नवीन गर्ग सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।